
हरिद्वार। एक सप्ताह पूर्व ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से लूटी गई नकदी, वारदात में इस्तेमाल बाइक और तमंचा भी बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिवालिक फिलिंग स्टेशन के मालिक यश देव कुमार ने 11 सितंबर को इस मामले में पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने बताया कि 10 और 11 सितंबर की रात को करीब 1 बजे उनके पेट्रोल पंप पर पूर्व में काम करने वाला दर्शन सिंह निवासी बिजनौर आया और कर्मचारियों को पानी लाने की बात कहकर खुद कार्यालय में घुस गया। आरोपी ने वहां से 60,000 रूपए की नकदी चुरा ली। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने जब उसे चोरी करते देख लिया तो उसने तमंचा निकाल कर्मचारियों पर तान दिया और पैसा लेकर बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को लाल पुल ज्वालापुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटे गए 20,000 वारदात में प्रयुक्त बाइक और वह तमंचा भी बरामद कर लिया, जिसे दिखाकर उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों लगाई हुई थी, जो उसके गांव में भी लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को लाल पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

More Stories
मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का शुभारंभ
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में शहर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों सहित मिठाई एवं डेयरी दुकानों पर जिला प्र्रशासन की ताबड़तोड़ छापेमारी, खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल
जिलाधिकारी के निर्देशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 7 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 6 नमूने लिए