जनपद हरिद्वार में आगामी चारधाम यात्रा के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के दृष्टिगत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार आज भीमगोड़ा एवं हर की पौड़ी क्षेत्र में यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखना, दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 152 चालान किए गए तथा 20 वाहन सीज किए गए।
इसके अतिरिक्त, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी ले जा रहे 15 वाहनों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। विशेष रूप से ओवरलोडिंग, फिटनेस, परमिट एवं दस्तावेजों की जांच पर जोर दिया गया।

अभियान के दौरान एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी तथा बाइक स्क्वॉड 12, 13, 14 एवं 15 के सदस्य—आनंद असवाल, शूरवीर सिंह कंडवाल, नरेश नेगी एवं अश्विनी कुमार—सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग सुनिश्चित की।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि चारधाम यात्रा अवधि के दौरान इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे। सभी वाहन चालकों से अपील की जाती है कि वे यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, वैध दस्तावेज साथ रखें तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

More Stories
चारधाम यात्रा के दृष्टीगत हरिद्वार का यातायात प्लान हुआ जारी
व्यवस्थाओं के निरीक्षण के लिए हरिद्वार पहुंची पुलिस मुख्यालय से आईजी विम्मी सचदेवा रमन
सनरूफ से बाहर झांकना पड़ा वाहन स्वामियों को भारी