September 16, 2026

धर्मशालाओं पर लगाए जा रहे यूजर चार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

धर्मशालाओं पर लगाए जा रहे यूजर चार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

कूड़ा संग्रह के लिए प्रति कमरे के हिसाब से शुल्क लगाना सरासर गलत : मनोज सैनी

हरिद्वार, 16 सितंबर। धर्मशालाओं एवं आश्रमों पर कूड़ा संग्रह के नाम पर प्रति कमरे के हिसाब से लगाए जा रहे यूजर चार्ज के विरोध में कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिला अध्यक्ष विकास चंद्रा के संयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त नंदन कुमार को ज्ञापन सौंपकर यूजर चार्ज का निर्णय वापस लेने की मांग की।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी एवं मनोज सैनी ने कहा कि धर्मशालाओं से कूड़ा संग्रह के नाम पर मनमाने तरीके से यूजर चार्ज वसूलना उचित नहीं है। मनोज सैनी ने कहा कि आश्रम और धर्मशालाओं का संचालन मुख्य रूप से यात्रा एवं तीर्थ सीजन के दौरान होता है। धर्मशाला संचालक पहले से ही टैक्स, सीवर, पानी सहित विभिन्न शुल्कों का भुगतान करते हैं। ऐसे में प्रत्येक कमरे के हिसाब से अलग से कूड़ा संग्रह शुल्क लगाया जाना न्यायसंगत नहीं है।

सोम त्यागी ने कहा कि धर्मशालाओं और आश्रमों में देशभर से आने वाले तीर्थ श्रद्धालु ठहरते हैं। यदि इस निर्णय को जल्द वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिला अध्यक्ष विकास चंद्रा एवं एससी विभाग के जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि धर्मशालाओं एवं आश्रमों में ठहरने वाले तीर्थ श्रद्धालुओं से आंशिक रूप से ही शुल्क लिया जाता है। ऐसे में प्रत्येक कमरे के आधार पर यूजर चार्ज वसूलना उचित नहीं है। उन्होंने नगर निगम से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की।

उन्होंने कहा कि आम जनता, मध्यम वर्ग और व्यापारी पहले ही महंगाई की मार झेल रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त यूजर चार्ज का बोझ उचित नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि इस शुल्क को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ज्ञापन लेने के बाद नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान आशु भारद्वाज, सागर बेनीवाल, आनंद पांडे, दीपक मोदी, उदित विद्याकुल, विनोद कश्यप, नवीन सेंस, देवेश, अंकित चंद्र, शुभम जागरिया, आशीष शर्मा, अनिल ठाकुर, यश शर्मा, संजय कुमार, प्रशांत, आशु श्रीवास्तव, बीपीएस तेजियान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।