डीएम ने आयुष आरोग्य मंदिर ढालवाला का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
लंबे समय से अनुपस्थित एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई और सब सेंटर की अव्यवस्थाओं पर एमओआईसी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुष आरोग्य मंदिर ढालवाला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र परिसर के आसपास झाड़ियां उगी होने और साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को अनुपस्थित चल रही एएनएम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उपकेंद्र में व्यवस्थाओं का उचित रखरखाव नहीं होने पर संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) से स्पष्टीकरण लेने को कहा। उन्होंने परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका और अन्य पंजिकाओं का अवलोकन कर उपस्थिति एवं कार्य व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही टीकाकरण अभिलेख, उपलब्ध उपकरणों की स्थिति, कोल्ड चेन तापमान पंजिका, साफ-सफाई तथा जैव चिकित्सा अपशिष्ट के निस्तारण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डीप फ्रीजर की कुल संख्या तथा संचालित एवं खराब उपकरणों की स्थिति की जानकारी भी मांगी। इस दौरान डीप फ्रीजर की संख्या और उनकी कार्यशील स्थिति का स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं हो पाया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध उपकरणों और अन्य संसाधनों की स्थिति की जानकारी लेकर अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रखरखाव, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चंद्र घिल्डियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
SSP हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर दशहरा पर्व की व्यवस्थाओं को परखने, दहन स्थलों पर पहुंचे SP City हरिद्वार
दशहरा पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस का यातायात डायवर्जन प्लान जारी
अवैध शराब के कारोबार पर हरिद्वार पुलिस का प्रहार, 02 तस्कर दबोचे