October 22, 2026

उत्तराखंड के सियासी गलियारों में दलबदल की अटकले शुरू

देहरादून। उत्तराखंड के सियासी गलियारों में दलबदल की अटकलों के बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की देहरादून में एंट्री ने सूबे की सियासत तेज कर दी है। प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद लगभग गायब रहे विजय बहुगुणा अचानक से देहरादून में एक्टिव हो गए हैं। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने से पहले उन्होंने उन सभी नेताओं से बात की, जो कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए थे।

उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी दोनों तैयारियों में जुट गई हैं। भाजपा में नाराज चल रहे विधायकों को कांग्रेस अपने पाले में करने की कोशिश में जुटी है। कांग्रेस दावा कर रही है कि बीजेपी के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। वहीं, बीजेपी भी कांग्रेस को झटका देने की हरसंभव कोशिश में लगी है। ऐसे में बीजेपी की पूरी कोशिश है कि जनता में इस तरह का कोई भी संदेश ना जाए, जिससे पार्टी को आगामी चुनाव में नुकसान हो। लिहाजा बागियों को रोकने के लिए सारे दांवपेंच लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा भी 26 अक्टूबर की देर रात देहरादून पहुंचे थे और उन्होंने कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत और उमेश शर्मा काऊ से बात की।

You may have missed