November 27, 2026

परमार्थ निकेतन में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह का दिव्य समापन

परमार्थ निकेतन में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह का दिव्य समापन
💥परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी और पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी का पावन सान्निध्य और उद्बोधन
✨भागवत कथा, जीवन को सत्य, प्रेम, करुणा और सेवा से आलोकित करने वाला दिव्य ज्ञान
स्वामी चिदानन्द सरस्वती

ऋषिकेश, 27 नवम्बर। परमार्थ निकेतन के पावन आध्यात्मिक प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह का दिव्य समापन हुआ। सात दिनों तक प्रवाहित भागवत कथा की ज्ञानगंगा ने श्रद्धालुओं के हृदयों को भक्ति और प्रेम से अभिसिंचित किया। इस पावन अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी एवं पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी का दिव्य सान्निध्य और प्रेरणादायी उद्बोधन प्राप्त हुआ। कथा व्यास श्री भावेश दादा जी के श्रीमुख से भागवत कथा की ज्ञान धारा प्रवाहित हो रही है।
समापन अवसर पर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने संदेश दिया कि श्रीमद् भागवत महापुराण जीवन को दिव्यता प्रदान करने वाला आध्यात्मिक दर्शन है। जो संदेश देता है कि वास्तविक उत्कर्ष सम्पत्ति, पद अथवा प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि हृदय की पवित्रता, व्यवहार की मधुरता और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता में निहित है।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन धर्म की स्थापना, निर्बल की रक्षा, प्रेम की प्रतिष्ठा और कर्तव्य के पालन का अनुपम आदर्श है। आज के भौतिकतावादी युग में भागवत का संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। यह हमें स्मरण कराता है कि बाहरी प्रगति के साथ आन्तरिक शान्ति, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भागवत की पावन धारा हमारे भीतर सोई हुई करुणा, संवेदना और सेवा की भावना को जागृत करती है। जब हमारे जीवन में भक्ति आती है, तब अहंकार का विसर्जन होता है; जब ज्ञान आता है, तब अज्ञान का अन्धकार दूर होता है; और जब सेवा आती है, तब जीवन स्वयं भगवान की आराधना बन जाता है। भागवत हमें अपने भीतर के अन्धकार को मिटाकर आत्मज्ञान का दीप प्रज्वलित करने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने जोगाणी परिवार के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों का वास्तविक उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे कथा के दिव्य संदेश को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं तथा मानवता की सेवा को ईश्वर की सेवा समझकर आगे बढ़ें।

पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि श्रीमद् भागवत हमें प्रेम, भक्ति और समर्पण का वास्तविक अर्थ समझाती है। यह पावन ग्रन्थ हमें संदेश देता है कि ईश्वर प्रत्येक जीव में विद्यमान हैं। जब हम किसी जरूरतमन्द के जीवन में प्रसन्नता लाते हैं, तब हम वास्तव में भगवान की आराधना कर रहे होते हैं।

साध्वी जी ने कहा कि कथा का समापन आध्यात्मिक यात्रा का अन्त नहीं, बल्कि जीवन में उन दिव्य संदेशों को आत्मसात करने का शुभारम्भ है। भागवत के दिव्य विचारों को अपने आचरण में धारण करना, परिवार और समाज में प्रेम का विस्तार करना तथा प्रकृति और समस्त जीवों के प्रति संवेदनशील रहना ही इस ज्ञानयज्ञ की सार्थकता है।
श्रीमती हर्षाबेन जोगाणी जी, श्री हेमन्तभाई जोगाणी जी एवं जोगाणी परिवार द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया। जोगाणी परिवार पूज्य स्वामीजी और पूज्य साध्वी जी का सान्निध्य पाकर गद्गद हो गया।