November 29, 2026

देहरादून में ‘ऑडिट मेला’ के साथ ऑडिट सप्ताह 2026 का समापन

देहरादून में ‘ऑडिट मेला’ के साथ ऑडिट सप्ताह 2026 का समापन

– ऑडिट भवन, कौलागढ़ में महालेखाकार कार्यालयों एवं निदेशक लेखापरीक्षा (वायु सेना) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ मेला।
– अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक लिया भाग।
– सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता 2026 के राज्य स्तरीय विजेताओं को किया गया सम्मानित।

देहरादून, 29 नवंबर 2026: महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), महालेखाकार (लेखापरीक्षा), उत्तराखण्ड तथा निदेशक लेखापरीक्षा (वायु सेना), देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में ऑडिट भवन, कौलागढ़, देहरादून में ‘ऑडिट मेला’ आयोजित किया गया। इसके साथ ही 16 नवंबर से आयोजित ऑडिट सप्ताह 2026 का समापन हुआ।

मेले का उद्घाटन महालेखाकार (लेखापरीक्षा) श्री संजीव कुमार ने किया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेले के दौरान स्पून बॉल, म्यूजिकल चेयर (पुरुष एवं महिला वर्ग) तथा बच्चों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

इस अवसर पर महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) श्री मोहम्मद परवेज़ आलम ने ऑडिट सप्ताह के दौरान आयोजित आउटरीच कार्यक्रमों, संवाद सत्रों और कार्यशालाओं सहित विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन लेखापरीक्षा, वित्तीय जवाबदेही और पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हितधारकों के साथ संवाद को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन में शामिल कार्यालयों के प्रयासों की प्रशंसा की और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम के दौरान सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता 2026 के राज्य स्तरीय विजेताओं सुश्री पायल, सुश्री शिवांगी, सुश्री आद्या त्रिपाठी तथा श्री सचिन सिंह चौहान को भी सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ ऑडिट मेले का समापन हुआ।