
देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को विधानमण्डल दल की बैठक के अवसर पर सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलीकाप्टर दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जनरल रावत का भावपूर्ण स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनरल रावत का निधन देश व उत्तराखण्ड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका आकस्मिक निधन स्वयं उनके लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा कि वे सर्वोच्च सेना अधिकारी होने के साथ ही सादगी व सरलता की भी प्रतिभूति थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड से भी जनरल रावत का विशेष लगाव था। राज्य के विकास की उनकी सोच थी। अभी हाल ही में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अपनी पत्नी के साथ वे देहरादून आये थे, उनका आकस्मिक निधन उत्तराखण्ड के लिए बड़ा ही दुःखद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत के आकस्मिक निधन पर प्रदेश में 3 दिन (9-10-11 दिसंबर) का राजकीय शोक घोषित करने के निर्देश दिये हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, डॉ हरक सिंह रावत, श्री बंशीधर भगत, श्री सुबोध उनियाल, श्री बिशन सिंह चुफाल, स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक श्री हरवंश कपूर, श्री हरभजन सिंह चीमा सहित अन्य विधायकगणों ने भी श्री जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

More Stories
बीजेपी के हजारों कार्यकर्ताओं जनप्रतिनिधियों ने अपना विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश कांग्रेस भवन का घेराव किया
श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज की कांवड़ यात्रियों से अपील
कप्तान नवनीत सिंह ने लिया संज्ञान, हरिद्वार पुलिस का कड़क वार