February 14, 2025

अखिलेश ने कन्नौज से सांसद बनने के बाद छोड़ी करहल विधानसभा सीट

राज्य विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने पीटीआई— को बताया कि अखिलेश ने करहल विधानसभा सीट से त्यागपत्र दे दिया है। सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने भी अखिलेश के करहल सीट छोड़ने की पुष्टि की है।

अखिलेश ने कन्नौज से सांसद बनने के बाद करहल विधानसभा सीट छोड़ने के संकेत पहले ही दे दिये थे। उन्होंने  संवाददाताओं से कहा था कि वह इसकी जानकारी विधानसभा कार्यालय को जल्द ही दे देंगे।

चौधरी ने बताया कि अखिलेश के साथ—साथ फैजाबाद से नवनिर्वाचित सांसद अवधेश प्रसाद ने भी अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट से त्यागपत्र दे दिया है। प्रसाद ने फैजाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार लल्लू सिंह को पराजित किया था।

अखिलेश यादव ने हाल ही में सम्पन्न लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट पर जीत हासिल की थी। इससे पहले साल 2022 में वह मैनपुरी की करहल सीट से विधायक चुने गये थे। सपा प्रमुख राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता थे।