
देहरादून।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लखनऊ में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें रामायण की प्रति भी भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच आगामी विधानसभा चुनाव के साथ-साथ उत्तराखंड और यूपी के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी हुई।
बताते चलें कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पौड़ी जिले के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी पौड़ी जिले में ही है। जब से त्रिवेंद्र को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया है तब से रह-रहकर ये बातें उठती रही हैं कि उन्हें बीजेपी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। ऐसे भी कयास लगाए जाते रहे हैं कि त्रिवेंद्र सिंह रावत को यूपी के विधानसभा चुनाव को देखते हुए वहां कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। यूपी में विधानसभा की 403 सीटें हैं। 2017 के चुनाव में बीजेपी ने 312 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत पाया था। योगी सरकार का ये कार्यकाल 14 मई 2022 को पूरा हो रहा है। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। पार्टी ने प्रदेश के 1 लाख 15 हजार बूथों पर एक-एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बना लिया है। इसके साथ ही बीजेपी ने सोशल मीडिया की टीम में 1 संयोजक और 4 सह संयोजक को नियुक्त किया है। यूपी भाजपा ने अपने सभी 6 क्षेत्रों में 1 संयोजक और 2 सह संयोजक सोशल मीडिया के लिए नियुक्त किया है। इसके अलावा भाजपा के संगठनात्मक 98 जिलों में 1 संयोजक और 2 सह संयोजक सोशल मीडिया टीम में और भाजपा के संगठनात्मक 1,918 मंडलों में भी सोशल मीडिया संयोजकों की नियुक्ति की गई है। साथ ही प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सोशल मीडिया के लिए एक एक संयोजक की नियुक्ति की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लखनऊ में यूपी के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन और बलदेव सिंह औलख से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान टंडन और औलख ने त्रिवेंद्र का गर्मजोशी से स्वागत किया।

More Stories
जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही: 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों; 05 पेट्रोलपम्प का औचक निरीक्षण; 19 गैस सिलेंडर जब्त; गैस की कालाबाजारी में 02 गिरफ्तार; 2 मुकदमें दर्ज
अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव, परमार्थ निकेतन, 2026 का छठा दिन: वैश्विक एकता, योग और आध्यात्मिकता का ऐतिहासिक संगम
धोखाधड़ी से गलत जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने के दिये गये निर्देश