July 14, 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन पर आयुष विंग की टीम सम्मानित

टिहरी गढ़वाल,  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन पर आयुष विंग की टीम सम्मानित

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य एवं सफल आयोजन के लिए आयुष विंग, जिला चिकित्सालय बौराड़ी की पूरी टीम को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद द्वारा सराहा गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आयुष विभाग द्वारा योग दिवस के सफल आयोजन, जनजागरूकता गतिविधियों तथा योग के व्यापक प्रचार-प्रसार में किए गए उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वालों में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यवीर रावत, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. करण पाल सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद रावत, भुवनेश्वर प्रसाद बडोनी, मनोज सिंह, रजनी सेमवाल, विकास बिजल्वाण, वैशाली जुयाल एवं सरिता खरोला शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने में आयुष विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह के साथ कार्य करते हुए आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद ने सम्मान के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी आयुष टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आयुष विभाग योग एवं आयुर्वेद के माध्यम से जनस्वास्थ्य संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

जिला सूचना अधिकारी
टिहरी गढ़वाल