July 15, 2026

मुख्यमंत्री उदीयमान और प्रोत्साहन योजना के तहत जुलाई-अगस्त में होगी खेल प्रतिभाओं की चयन प्रतियोगिता

रुद्रप्रयाग।*मुख्यमंत्री उदीयमान और प्रोत्साहन योजना के तहत जुलाई-अगस्त में होगी खेल प्रतिभाओं की चयन प्रतियोगिता*

*चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति और उपकरण सहायता*

मा. मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मा. मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत राज्य में प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए जुलाई और अगस्त माह में न्याय पंचायत से लेकर जनपद स्तर तक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत बालक और बालिका दोनों वर्गों में चयन प्रक्रिया 3 चरणों में आयोजित की जाएगी। इसके तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिता 22 जुलाई से 25 जुलाई तक, विकास खंड व नगर पालिका स्तर पर 27 जुलाई से 30 जुलाई तक और जनपद स्तरीय प्रतियोगिता 31 जुलाई से 02 अगस्त तक आयोजित होगी। इस योजना में चयनित प्रतिभावान खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा मा. मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए नगर पालिका व विकास खंड स्तर पर 06 अगस्त से 09 अगस्त तक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जबकि जनपद स्तरीय प्रतियोगिता 16 अगस्त से 20 अगस्त तक होगी। इस योजना में चयनित प्रतिभागियों को 2000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण हेतु 10,000 रुपये की एकमुश्त धनराशि प्रतिवर्ष प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं में आवेदन करने के लिए प्रतिभागी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को वेबलिंक https://khelouk.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट http://www.sports.uk.gov.in/scholarship देखी जा सकती है।