August 31, 2026

डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 में रुद्रप्रयाग के युवाओं का शानदार प्रदर्शन

डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 में रुद्रप्रयाग के युवाओं का शानदार प्रदर्शन

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विजेता प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
जनपद में आयोजित डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 के द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह की विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। आज जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
फिटनेस एवं सांस्कृतिक श्रेणियों में जनपद के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए।

द्वितीय सप्ताह की फिटनेस चैलेंज (पुरुष वर्ग) में मयंक कुमार ने प्रथम, दिव्यम चन्द्र ने द्वितीय तथा आयुष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इसी सप्ताह आयोजित ‘माय उत्तराखंड माय प्राइड’ सांस्कृतिक चैलेंज में नवनीत भट्ट ने प्रथम, विवेश कुमार ने द्वितीय तथा प्रिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।

तृतीय सप्ताह की फिटनेस चैलेंज (रस्सी कूद) प्रतियोगिता में अनुसूया रावत ने प्रथम, आयुष कुमार ने द्वितीय तथा महक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी सप्ताह आयोजित सांस्कृतिक चैलेंज (यूथ फोटोग्राफी) में नवनीत भट्ट ने प्रथम, शुभम सिंह नेगी ने द्वितीय तथा सोनाक्षी डिमरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे व्यापक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल, फिटनेस एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डिजिटल यूथ फेस्टिवल युवाओं को फिटनेस, सांस्कृतिक गतिविधियों, रचनात्मकता और डिजिटल माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है।

इस दौरान जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।