30 सितंबर को जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार में लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला
हाईस्कूल, इंटर, आईटीआई, स्नातक एवं परास्नातक अभ्यर्थियों के लिए लगभग 200 रिक्तियों पर रोजगार का अवसर
हरिद्वार, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार द्वारा आगामी 30 सितंबर 2026 (बुधवार) को प्रातः 10:00 बजे जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में जनपद हरिद्वार क्षेत्र की लगभग 05 से 06 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है। प्रतिभागी कंपनियों की संख्या आवश्यकता के अनुसार घट-बढ़ सकती है।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में लगभग 200 रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी। मेले में राज्य के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, प्लंबर) के साथ-साथ स्नातक एवं परास्नातक योग्यता रखने वाले पात्र अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 30 सितंबर को प्रातः 10:00 बजे अपने सीवी की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो, समस्त शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र तथा सेवायोजन पंजीयन प्रमाण पत्र के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर प्रतिभाग कर सकते हैं।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार में संपर्क कर सकते हैं।

More Stories
एशियन गेम्स 2026 में भारत की विजय को परमार्थ निकेतन की ओर से सभी खिलाडियों को अनेकानेक शुभकामनायें
पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय हरिद्वार द्वारा हिन्दी माह के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय में प्रतियोगिताओं का आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आर एन आई इंटर कॉलेज भगवानपुर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित