
देहरादून।
उत्तराखंड कैडर के सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी केशव देसीराजू का निधन हो गया है। उन्होंने चेन्नई में अंतिम सांस ली। वह पूर्व राष्ट्रपति डा सर्वपल्ली राधाकृष्णन के नाती (बेटी के बेटे) थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक प्रकट किया है।
केशव देसीराजू उत्तराखंड कैडर के 1978 बैच के आइएएस अधिकारी थे। उन्होंने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र और हावर्ड यूनिवर्सिटी से सामान्य प्रशासन विषय में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान की। उनकी छवि एक सरल, सौम्य, कर्तव्यनिष्ठ व ईमानदार अधिकारी की रही। वह अल्मोड़ा के जिलाधिकारी भी रहे। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के रूप में उत्तराखंड में 108 एंबुलेंस स्वास्थ्य सेवा का सफल संचालन उनकी एक अहम उपलब्धि रहा है। केंद्र में भी सचिव स्वास्थ्य के रूप में उन्होंने कई उल्लेखनीय कार्य किए।वह वर्ष 2016 में केंद्र में सचिव नागरिक उपभोक्ता मामले के पद से सेवानिवृत्त हुए। उत्तराखंड से उनका गहरा लगाव था। यही कारण रहा कि उन्होंने अल्मोड़ा के निकट अपना घर बनाया। वह बीते कुछ समय से चेन्नई में रह रहे थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक प्रकट किया है। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक ईमानदार और कर्मठ अधिकारी थे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त स्वजन को धैर्य प्रदान करने की कामना की।

More Stories
SSP हरिद्वार के आदेशानुसार वारंटीयो के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई
छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित
पितृ अमावस्या के अवसर पर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे मायापुर नारायनशीला