September 8, 2024

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लडेगी प्रियंका गांधी नेतृत्व में चुनाव


विधान सभा चुनाव 2022 को लेकर उत्तर प्रदेश में सभी दल अपनी-अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। उत्तर प्रदेश में चुनावी ऐलान के साथ ही राजनीतिक दलों की सक्रियता भी बढ़ गई है। आज उत्तर प्रदेश में कांग्रेस यूथ मेनिफेस्टो को प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की ओर से जारी किया गया। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रियंका गांधी के ही नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। आज के घोषणा पत्र में कांग्रेस ने युवाओं को साधने की कोशिश की है। इसी कड़ी में आज प्रियंका गांधी से उत्तर प्रदेश में सीएम के चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के सीएम फेस को लेकर प्रियंका गांधी ने भी साफ-साफ जवाब दे दिया।

सीएम फेस के सवाल पर उन्होंने कहा कि क्या आपको उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की तरफ से किसी और का चेहरा दिख रहा है? क्या मेरा चेहरा हर जगह दिख रहा है ना? प्रियंका गांधी ने अपने जवाब से इस बात के संकेत तो दे ही दिए कि उत्तर प्रदेश में अगर कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में पहुंचती है तो प्रियंका गांधी के ही हाथ में बागडोर रहने वाली है। प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन की परिस्थिति पैदा होने पर उनकी पार्टी इस पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि अगर अगर कांग्रेस की सरकार गठबंधन में आयी तो उसकी एक शर्त युवाओं और महिलाओं से जुड़े अपने एजेंडे को लागू कराने की होगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी पूरा दमखम लगा रही हैं। आज कांग्रेस की ओर से मेनिफेस्टो भी जारी किया गया। प्रियंका के इस बयान के बाद अब राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आने लगी हैं।