October 22, 2026

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लूज गेंदबाज: अमित शाह

समाजवादी पार्टी (सपा) पर जाति धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि  सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लूज गेंदबाज हैं। उन्होंने फुलटॉस गेंद डाली है, भाजपा को इस बार जीत का चौका लगाना होगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश की एक आंख से जाति दिखाई देती है तो दूसरी से दूसरा धर्म दिखाई देता है। आप क्या चाहते हैं आजम, अतीक और मुख्तार जैसे लोग जेल में रहें या फिर बेल पर रहें।

गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के साथ 2017 के विधानसभा चुनाव में यूपी की जनता ने भाजपा को व्यापक जनसमर्थन दिया है और अब 2022 में 300 से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा गठबंधन जीत का चौका लगाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में दूध उत्पादन में यूपी नंबर वन है। अदरक के उत्पादन में यूपी नंबर वन है, लेकिन अखिलेश की सरकार में यूपी हत्या में नंबर वन था। महिलाओं से अपराध के मामले में यूपी नंबर वन था। शाह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर यूपी में कानून व्यवस्था सुचारू रूप से चाहते हैं तो यह योगी सरकार को बनाइए। पहले रमजान और मोहर्रम में 24 घंटे बिजली आती थी, लेकिन योगी बाबा की सरकार में महाशिवरात्रि पर 24 घंटे बिजली आती है। योगी सरकार ने 2 हजार करोड़ की जमीन को भू-माफियाओं से मुक्त कराया है।

अमित शाह ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने साहसिक कदम उठाते हुए कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटा कर उसे मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उस वक्त मुझसे संसद में कहते थे कि धारा 370 हटेगी तो खून की नदियां बहेंगी। अखिलेश बाबू आप किसे डराते हैं, खून की नदियां छोड़िए है, किसी को कंकड़ चलाने की भी हिम्मत नहीं हुई। शाह ने कहा पीएम मोदी ने देश के 130 करोड़ वासियों को वैक्सीन उपलब्ध कराई। जिस तरह से देश में टाटा, बिरला को वैक्सीन लगी है, ठीक उसी तरह से गरीब आदमी को भी वैक्सीन लगी है। वैक्सीन बनने पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर वैज्ञानिकों को धन्यवाद कहा था, लेकिन अखिलेश यादव ने ट्वीट करके कहा कि मोदी की वैक्सीन नहीं लगानी है। अगर आप लोग अखिलेश की बात सुने होते तो तीसरी लहर झेल नहीं पाते।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित है। कांग्रेस के हुकूमत के 10 वर्षों में सपा, बसपा और कांग्रेस का सहयोग करती रही। आतंकवादी जवानों का सर काट कर ले जाते थे। नरेंद्र मोदी के शासनकाल में आतंकियों ने पुलवामा में सैनिकों पर हमला किया तो सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुस कर आतंकियों को ढेर करने का काम किया है। अब किसी भी देश में जरूरत नहीं है कि वह हमारे देश की ओर आंख उठा कर देख सके ऐसे करने की हिमाकत किया तो उनका सिर धड़ से अलग करने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 2013 में जब वह भाजपा से उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे, सड़कें गड्ढों में तब्दील थी। अब प्रदेश में मजबूत चमचमाती हुई सड़के हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के पांच चरण के चुनाव में सपा बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है। भाजपा 300 से अधिक सीट जीतकर दोबारा प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।

 

You may have missed