
हरिद्वार। आगामी 30 मई को होने वाले सोमवती अमावस्या स्नान को लेकर गुरूवार को पुलिस कप्तान योगेंद्र सिंह रावत ने जिले के सभी सीओ और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के साथ बैठक की। आयोजित बैठक में सोमवती अमावस्या स्नान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
गुरूवार को आयोजित बैठक में हरिद्वार एसएसपी योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि 28 मई की रात से हरिद्वार हाईवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। स्नान की समाप्ति तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। स्नान से एक दिन पूर्व ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। स्नान में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
कोरोना काल के बाद पिछले दो साल से इस सोमवती अमावस्या पर ज्यादा श्रद्धालु हरिद्वार नहीं आ पाए थे, लेकिन अब सभी पाबंदियां हट चुकी हैं। स्कूलों की छुट्टियां भी हैं और यात्रा सीजन चल रहा है। ऐसे में सोमवती अमावस्या का स्नान पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होने वाला है। क्योंकि तीन साल पहले गर्मियों के सीजन में हुए सोमवती स्नान की भीड़ ने सभी को चौंका दिया था। तब एडीजी को खुद हरिद्वार आकर कमान संभालनी पड़ी थी। पिछले कुछ सालों में हुई सोमवती अमावस्या के स्नान में श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में ही रही है। इसी को ध्यान में रखकर ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। दिल्ली से आने वाले वाहनों को बैरागी कैंप में ही पार्क कराया जाएगा, जबकि नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को श्यामपुर में ही पार्क कराया जाएगा। हरीद्वार एसएसपी योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सोमवती अमावस्या स्नान के लिए ट्रैफिक प्लान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 28 या 29 से प्लान को लागू कर दिया जाएगा। 28 मई से हाईवे पर दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को बंद किया जाएगा। 30 मई स्नान समाप्त होने तक यह व्यवस्था रहेगी।

More Stories
मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का शुभारंभ
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में शहर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों सहित मिठाई एवं डेयरी दुकानों पर जिला प्र्रशासन की ताबड़तोड़ छापेमारी, खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल
जिलाधिकारी के निर्देशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 7 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 6 नमूने लिए