September 8, 2024

चंद्रयान-3 मिशन भारत के इतिहास रचने में कुछ ही घंटों का इंतजार

चंद्रयान-3 मिशन के जरिए भारत के इतिहास रचने में कुछ ही घंटों का इंतजार है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (Indian Space Research Organization) के चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल आज शाम चंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए तैयार है। उम्‍मीद की जा रही है कि लैंडर विक्रम (Lander Vikram) और रोवर प्रज्ञान से युक्त लैंडर मॉड्यूल आज शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच देगा। ऐसा होने पर भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा। इसके साथ ही भारत अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश होगा. चंद्रमा की सतह पर अमेरिका, पूर्व सोवियत संघ और चीन ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ कर चुके हैं, हालांकि इनमें से कोई भी देश ऐसा नहीं है जिसकी ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में हुई है. चंद्रयान-3 के लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग में 15 से 17 मिनट लगेंगे. चंद्रयान 3 को 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2.30 बजे लॉन्च किया गया था।

जहा एक ओर चंद्रयान 3 की चांद पर सफल लैंडिंग को लेकर देशभर में उत्साह व उमंग है वहीं इसकी सफलता को लेकर जगह जगह पूजा पाठ व प्रार्थनाएं भी की जा रही है, वहीं धर्मनगरी हरिद्वार में भी चंद्रयान 3 की इस सफलता के लिए मंगल कामनाएं की जा रही है।