*”जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान, विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी*
सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज कैलाश बंगार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम की थीम के अनुसार राज्य में आधारभूत संरचना यथा रेल, रोड, रोपवे, उड़ान स्कीम तथा अन्य वृहद अवस्थापना विकास से संबंधित परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालन एवं टीकाकरण संबंधी योजनाओं, उद्यान विभाग द्वारा बागवानी एवं फलोत्पादन योजनाओं, मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य पालन प्रोत्साहन कार्यक्रमों, डेयरी विकास विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग, सेवायोजन विभाग, कृषि विभाग, पूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं से लाभान्वित किया।
शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 70 समस्याएं एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व, मुवाबजा, पेंशन, राशन कार्ड, कृषि एवं अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में से अधिकांश का निस्तारण संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही किया गया, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अध्यक्षीय संबोधन में उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान खलयाण लक्ष्मी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य खलयाण ललिता देवी, ग्राम प्रधान सन अनिल रावत, ग्राम प्रधान गैठाणा महिपाल मिंगवाल, ग्राम प्रधान बधाणी चन्द्र सिंह, खंड विकास अधिकारी जखोली, सीडीपीओ जखोली गोल्डी सिंह, कृषि सहायक सज्जन सिंह, कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान पंकज थपलियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

More Stories
कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की ने व्यापार मंडल एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ की समन्वय बैठक
कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत हरिद्वार पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान
कांवड़ मेले के दृष्टिगत आयुक्त कार्यालय मेरठ में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में आयोजित