July 24, 2026

कांवड़ मेला-2026 को सकुशल संपन्न कराने हेतु क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा एसपीओ, सीएलजी सदस्यों एवं होटल-ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित

थाना श्यामपुर, हरिद्वार

आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सकुशल संपन्न कराने हेतु क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा एसपीओ, सीएलजी सदस्यों एवं होटल-ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 24 जुलाई 2026 को थाना श्यामपुर क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा थाना क्षेत्र के एसपीओ, सीएलजी सदस्यों तथा होटल-ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी एसपीओ एवं सीएलजी सदस्यों से कांवड़ मेले के दौरान पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं चौराहों पर सतर्कतापूर्वक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आग्रह किया गया।

साथ ही कांवड़ मेले के दौरान संभावित समस्याओं एवं चुनौतियों के संबंध में उनसे सुझाव प्राप्त किए गए तथा उनके प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने कांवड़ मेले के सफल संचालन में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

बैठक में उपस्थित होटल एवं ढाबा संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर स्पष्ट एवं सुपाठ्य रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील स्थिति में रखने तथा कांवड़ यात्रियों के साथ शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने हेतु भी निर्देशित किया गया।

बैठक का उद्देश्य कांवड़ मेला-2026 के दौरान पुलिस एवं आमजन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।