September 8, 2024

धामी ने पांच दिवसीय हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्राम उद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव मेले का शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज चमोली के पोखरी दौरे पर रहे। उन्होंने पांच दिवसीय हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्राम उद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम धामी ने इस मेले को राजकीय मेला घोषित करने का ऐलान किया। साथ ही कहा कि हर साल इस मेले के आयोजन के लिए 2 लाख रुपए की राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पुष्कर सिंह धामी पहली बार पोखरी पहुंचे। उनके पोखरी पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सीएम का जोरदार स्वागत किया। सीएम धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्राम उद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव मेले का आगाज किया। यह मेला पांच दिनों तक चलेगा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहाड़ों में उद्योग स्थापित करने पर सरकार जोर दे रही है। साथ ही कुटीर उद्योग लगाए जा रहे हैं। जब पहाड़ में उद्योग धंधे खुलेंगे तो रोजगार बढे़गा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नागनाथ पोखरी मेले को राजकीय मेला घोषित करने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर साल पोखरी मेले के आयोजन के लिए 2 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। वहीं, चारधाम देवस्थानम बोर्ड भंग होने पर बदरीनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों ने शंख ध्वनि के साथ मुख्यमंत्री को बदरीनाथ धाम की धर्म ध्वजा और अंगवस्त्र भेंट किया। चंद्र कुंवर बर्त्वाल 28 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए थे। लेकिन इस छोटी सी उम्र में भी वह देश-दुनिया को सुंदर साहित्य दे गए। चंद्र कुंवर बर्त्वाल की कविताएं मानवता को समर्पित थीं। चंद्र कुंवर बर्त्वाल को प्रकृति प्रेमी कवि माना जाता है। उनकी कविताओं में हिमालय, झरनों, नदियों, फूलों, खेतों, बसंत का वर्णन तो होता ही था। लेकिन उपनिवेशवाद का विरोध भी दिखता था। आज उनके काव्य पर कई छात्र पीएचडी कर रहे हैं।