September 8, 2024

पंजाब में शिअद और बसपा साथ मिलकर 2022 विधानसभा चुनाव लड़ेंगे

पंजाब।

पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शनिवार को गठबंधन किया और इसे ‘‘पंजाब की राजनीति में नया सवेरा बताया।’’ बसपा महासचिव सतीशचन्द्र मिश्रा के साथ संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन में गठबंधन की घोषणा करते हुए शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ‘‘आज ऐतिहासिक दिन है… पंजाब की राजनीति की बड़ी घटना है।’’ उन्होंने कहा कि शिअद और बसपा साथ मिलकर 2022 विधानसभा चुनाव और अन्य चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मायावती नीत बसपा पंजाब के 117 विधानसभा सीटों में से 20 पर चुनाव लड़ेगी, बाकी सीटें शिअद के हिस्से में आएंगी। बादल ने कहा कि बसपा पंजाब के मालवा क्षेत्र में सात माझा में पांच और दोआबा में आठ सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि दोनों पार्टियां मिलकर जल्दी ही एक समन्वय समिति का गठन करेंगी और चुनाव पूर्व कार्यक्रम तय करेंगी। दोनों दलों के नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन 2022 विधानसभा चुनाव में अभूतपूर्व जीत दर्ज करेगा और खराब प्रदर्शन कर रही कांग्रेस को सत्ता से बाहर करेगा।